नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार, 14 अगस्त को मिले इस धमकी भरे ईमेल के बाद हाईकोर्ट परिसर में तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
धमकी मिलने की सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें हाईकोर्ट पहुंचीं। सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
रिपोर्टों के अनुसार, ईमेल में दोपहर 2:11 बजे हाईकोर्ट में धमाके की धमकी दी गई थी। इसी दौरान दिल्ली के कुछ अन्य संवेदनशील स्थानों, जिनमें IGI एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और कुछ सरकारी कार्यालय शामिल हैं, को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद इन स्थानों पर भी सुरक्षा जांच तेज कर दी गई।
दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव कुणाल मल्होत्रा ने बताया कि शुरुआती तौर पर धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बम स्क्वॉड और प्रशिक्षित डॉग्स पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां ईमेल की विश्वसनीयता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं।
फिलहाल राहत की बात यह है कि तलाशी के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Druti jha
National desk , News darshan.





