न्यूज़ दर्शन | राष्ट्रीय डेस्क : मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई घायलों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रेलर से हुई जोरदार टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। साथ ही वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
Tanya Bharti
NEWS DARSHAN





