Administration Crime Social

नोएडा में EV चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, 50 से अधिक परिवारों को सुरक्षित निकाला गया |

नोएडा :-
उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा क्षेत्र की एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की बैटरी चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में चार्ज हो रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी से चिंगारी निकली, जिसके बाद आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग पूरी इमारत में फैल गई और सीढ़ियों व गलियारों में घना धुआं भर गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई लोगों को छतों और पड़ोसी इमारतों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार करीब 50 से 70 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत धुएं और आग की चपेट में आने से हुई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अधिकृत या सुरक्षित चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध नहीं था। सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने भवन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को केवल प्रमाणित और सुरक्षित चार्जिंग प्वाइंट पर ही चार्ज करें तथा आवासीय भवनों में अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।

Manvee Singh
National desk, News darshan.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *