मँचेस्टर : भारतीय क्रिकेट इतिहास में शनिवार, 4 जुलाई 2026 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। भारत और इंग्लैंड के बीच मँचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखते ही इतिहास रच दिया। बिहार के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बनने का गौरव हासिल करते हुए सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
तिलक वर्मा ने सौंपी डेब्यू कैप
मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए एक बेहद भावुक और गर्व का पल देखने को मिला। टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को उनकी डेब्यू कैप सौंपी और गले लगाकर टीम इंडिया में उनका स्वागत किया। टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने पुष्टि की कि स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को आराम दिया गया है और उनकी जगह वैभव को बतौर ओपनर प्लेइंग इलेवन में मौका मिला है।
महज 15 साल और 99 दिन की उम्र में मैदान पर उतरते ही वैभव भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
निडर शुरुआत, जोफ्रा आर्चर की गेंद पर पहला इंटरनेशनल छक्का
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही बेखौफ अंदाज दिखाया। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उसी आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की।
उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए और 140.00 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। खास बात यह रही कि उनकी पूरी पारी में एक भी चौका नहीं था, लेकिन उन्होंने दो शानदार गगनचुंबी छक्के लगाए।
वैभव का पहला अंतरराष्ट्रीय छक्का इंग्लैंड के तेज गेंदबाज और आईपीएल में उनके साथी खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आया। इसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाज जोश टंग की गेंद पर भी शानदार छक्का जड़ा। हालांकि उनकी आक्रामक पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और पांचवें ओवर में स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह विकेटकीपर जोस बटलर द्वारा स्टंप आउट हो गए।
आशीष नेहरा के रिकॉर्ड की भी बराबरी
वैभव सूर्यवंशी ने अपने डेब्यू टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दो छक्के लगाकर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के 17 साल पुराने रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। अपने पहले ही मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर भारतीय क्रिकेट में शानदार आगाज किया।
आईपीएल 2026 की सनसनी से इंटरनेशनल स्टार तक
वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम तक का सफर उनके शानदार घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन का नतीजा है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। पूरे सीजन में उनकी निडर बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली।
भारतीय क्रिकेट को मिला नया सितारा
मँचेस्टर में खेली गई यह पारी भले ही केवल 14 रन की रही, लेकिन जिस आत्मविश्वास और निडरता के साथ वैभव सूर्यवंशी ने जोफ्रा आर्चर जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों का सामना किया, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक नया युवा सितारा मिल चुका है। क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि यह तो केवल शुरुआत है और आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के लिए कई नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।
रिया मिश्रा
नेशनल डेस्क | न्यूज़ दर्शन



