Administration Politics Social

धर्मेंद्र प्रधान की बेटी ने डिएक्टिवेट किया इंस्टाग्राम, सोशल मीडिया ट्रोलिंग बनी वजह |

नई दिल्ली :- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बेटी नैमिषा प्रधान ने सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग के बाद अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब देश में प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार तथा शिक्षा मंत्री पर राजनीतिक और छात्र संगठनों का दबाव बना हुआ है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नैमिषा प्रधान की विदेश में उच्च शिक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के फ्लेचर स्कूल से वर्ष 2023 में एलएलएम (Master of Laws) की पढ़ाई पूरी की थी। इसी आधार पर कुछ लोगों ने उनके इंस्टाग्राम पोस्ट पर आलोचनात्मक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।

रिपोर्टों के मुताबिक, बढ़ती ऑनलाइन ट्रोलिंग और लगातार हो रही टिप्पणियों के बाद नैमिषा प्रधान का इंस्टाग्राम अकाउंट अब उपलब्ध नहीं है। हालांकि, उनकी ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस मामले पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आया। एक ओर कुछ लोगों ने उनकी विदेश में पढ़ाई को लेकर सवाल उठाए, वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स ने कहा कि किसी सार्वजनिक पद पर न होने वाले परिवार के सदस्य को राजनीतिक विवाद में निशाना बनाना उचित नहीं है और जवाबदेही केवल नीति-निर्माताओं से मांगी जानी चाहिए|

यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं तथा विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। दूसरी ओर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने विपक्ष पर छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

Manvee singh
National desk, News darshan.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *