नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनका ऑस्ट्रेलिया दौरा विशेष रूप से चर्चा में है, क्योंकि मेलबर्न में प्रस्तावित भारतीय समुदाय के कार्यक्रम से पहले उन्हें सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले को ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी फेसबुक पर “Melbourne Meets Modi” कार्यक्रम से संबंधित एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दी गई थी। कथित तौर पर एक यूज़र ने प्रधानमंत्री मोदी के मेलबर्न दौरे को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी की। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) को दी गई। जांच एजेंसियों ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस (IP Address) की पहचान कर ली है और यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी किसने और किस उद्देश्य से दी।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दी गई धमकी को अत्यंत गंभीरता से लिया जाता ।
प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। इसके अलावा वे मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे, भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भाग लेंगे और दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा तथा रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
हालांकि धमकी मिलने के बावजूद प्रधानमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम में किसी बदलाव की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऑस्ट्रेलियाई प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी और सभी कार्यक्रम उच्च सुरक्षा घेरे में आयोजित किए जाएंगे।
Druti Jha
National desk, News Darshan




