फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित हो रहे 52वें G7 शिखर सम्मेलन के मंच से भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण तस्वीर सामने आई है। पिछले 16 महीनों में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आमना-सामना हुआ है। समिट के दौरान दोनों नेताओं के बीच दिखी गजब की केमिस्ट्री और जुगलबंदी ने पूरी दुनिया के राजनयिकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
ट्रेडिशनल ‘फैमिली फोटो’ सेशन के बाद, जब सभी वैश्विक नेता आगे बढ़ रहे थे, तब डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से हाथ मिलाया और बेहद गर्मजोशी के साथ उनके कंधे पर हाथ रखकर बात की। इसके बाद आयोजित मुख्य आउटरीच सेशन के दौरान भी दोनों नेता गोलमेज सम्मेलन में बिल्कुल अगल-बगल बैठे नजर आए, जहां उनके बीच कई बार अनौपचारिक बातचीत और हंसी-मजाक भी हुआ।
पर्दे के पीछे का कूटनीतिक तनाव
भले ही कैमरों के सामने दोनों नेताओं के बीच पुरानी गर्मजोशी और हाथ मिलाने की तस्वीरें छाई हुई हैं, लेकिन कूटनीतिक गलियारों में यह मुलाकात भारी तनाव के बीच हुई है। पिछले कुछ समय में भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों में कई मोर्चों पर खिंचाव देखा गया है। हाल ही में अमेरिकी नौसेना द्वारा की गई नाकेबंदी के दौरान तीन भारतीय क्रू वाले जहाजों पर हुए हमले और उसमें तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला बेहद गरमाया हुआ है, जिस पर भारत ने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारतीय निर्यात पर लगाए गए भारी टैरिफ और भारत द्वारा खरीदे जाने वाले रूसी तेल पर प्रतिबंधों को लेकर भी दोनों देशों के बीच व्यापारिक मतभेद गहरे हैं। ऐसे माहौल में दोनों शीर्ष नेताओं की इस जुगलबंदी को कड़वाहट कम करने की एक बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
गोलमेज बैठक और आगामी द्विपक्षीय वार्ता
समिट के इस खास आउटरीच सत्र में, जिसका विषय ‘नई साझेदारियां बनाना और अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण’ था, पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों पर अन्य देशों के साथ चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं का एक-दूसरे के बगल में बैठना यह दर्शाता है कि रणनीतिक स्तर पर दोनों देश एक-दूसरे को कितनी अहमियत देते हैं। इस संक्षिप्त मुलाकात के बाद, अब आज दोनों नेताओं के बीच एक औपचारिक द्विपक्षीय (Bilateral) बैठक होने जा रही है। इस हाई-स्टेक मीटिंग में लंबे समय से अटके पड़े द्विपक्षीय व्यापार समझौते, रक्षा सहयोग, एआई (AI) और एनर्जी सिक्योरिटी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों को एक नया रीसेट मिलने की उम्मीद है।
वैश्विक तनाव और व्यापारिक मतभेदों के बीच पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की इस गर्मजोशी भरी मुलाकात को आप किस तरह देखते हैं? क्या यह मुलाकात भारत-अमेरिका के रिश्तों में जमी बर्फ को पिघला पाएगी? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी राय हमारे साथ ज़रूर साझा करें। वैश्विक कूटनीति और देश-दुनिया की ऐसी ही हर एक कड़क और सच्ची खबर को देखने के लिए जुड़े रहिए न्यूज दर्शन (News Darshan)साथ।
Saumya Pal
National Desk News Darshan



