उत्तर प्रदेश सरकार आज राज्यव्यापी महा-वृक्षारोपण अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर देश के सबसे बड़े पर्यावरणीय अभियानों में से एक को अंजाम देने जा रही है। यह अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का शुभारंभ गोरखपुर से करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे ‘होली त्रिवेणी प्लांटेशन एंड डेवलपमेंट गार्डन’ की स्थापना करेंगे तथा कार्बन क्रेडिट योजना के तहत किसानों को प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे। राज्य सरकार ने वन विभाग, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस महा-अभियान के लिए राज्यभर में 5.25 लाख से अधिक पौधरोपण स्थलों की पहचान की गई है और 1,900 से अधिक नर्सरियों में 52 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं। विभिन्न सरकारी विभागों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपे गए हैं, जिनमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को दी गई।
सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनकी जीवित रहने की दर (Survival Rate) बढ़ाने के लिए तकनीकी निगरानी, जियो-टैगिंग, नियमित देखरेख और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को उत्सव के साथ-साथ जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हों।
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार पिछले नौ वर्षों में राज्य में 247 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हरित आवरण में लगातार वृद्धि करना और पर्यावरण संरक्षण को दीर्घकालिक जन अभियान बनाना है। यदि आज का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा होता है तो उत्तर प्रदेश एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का नया रिकॉर्ड स्थापित करेगा।
Aarya Mishra
National Desk, News Darshan




