नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री “रेखा गुप्ता” ने सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद सभी सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज और अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे अस्पतालों का औचक निरीक्षण करें और उनकी व्यवस्था की पूरी रिपोर्ट सरकार को दें। निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों की मौजूदगी, अस्पतालों की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाएं, जांच की सुविधा और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं की जांच की जाएगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अगर किसी अस्पताल में लापरवाही, गड़बड़ी या काम में ढिलाई पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हों, साफ-सफाई बनी रहे और मरीजों को समय पर इलाज मिले। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं, इसलिए वहां बेहतर सुविधाएं देना जरूरी है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस निरीक्षण अभियान का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार करना और लोगों का भरोसा मजबूत करना है। निरीक्षण के बाद जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
दिल्ली सरकार ने कहा है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Mantasha neyaz
National desk , news darshan




